एंटी करप्शन टीम के जाल में फंसा कानूनगो, 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
एंटी करप्शन टीम के जाल में फंसा कानूनगो, 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

सीताराम यादव इंडिया न्यूज़ दर्शन
एंटी करप्शन टीम के जाल में फंसा कानूनगो, 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
अमेठी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जमीन की पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
अमेठी। सरकारी कामकाज के नाम पर रिश्वतखोरी के आरोपों पर एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अमेठी जनपद के बाजार शुकुल में तैनात कानूनगो संतराम को टीम ने मंगलवार को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कस्बे में सुंदर मिष्ठान भंडार के पास हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
मामला जमीन की पैमाइश से जुड़ा बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बूबूपुर निवासी अयोध्या यादव का एक दलित व्यक्ति के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस मामले में पैमाइश कराने और राजस्व संबंधी कार्य निपटाने के एवज में कानूनगो संतराम ने रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन की पैमाइश के लिए पहले भी 10 हजार रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद पैमाइश नहीं हुई। आरोप है कि काम कराने के लिए दोबारा 10 हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद शिकायत एंटी करप्शन टीम तक पहुंची।
शिकायत को आधार बनाकर टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को जैसे ही अयोध्या यादव ने सुंदर मिष्ठान भंडार के पास कथित तौर पर कानूनगो को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के.एन. सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव तथा हेड कांस्टेबल संजीत कुमार, अखिलेश और जगदीश शामिल रहे। बताया जा रहा है कि कानूनगो संतराम करीब दो वर्षों से बाजार शुकुल में तैनात था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



