खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर 5 ग्रामीणों को किया घायल

बलरामपुर। जनपद के सोहेलवां वन क्षेत्र के बारहवां रेंज के भुजेहरा गांव में सोमवार को खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर 5 ग्रामीणों को घायल कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है, जो तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है। गुरुवार को तेंदुए के हमले में एक बच्ची की मौत हो गई थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को भुजेहरा खरहनिया गाँव मे श्रवण कुमार नामक युवक खेत से मिट्टी निकाल रहा था, तभी झाड़ियों में अपने शावकों के साथ बैठी मादा तेंदुए ने श्रवण कुमार (20) पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर खेतों के काम कर रहे इन्द्र (28), ओम प्रकाश (33), मारगाठू (30), कर्ता राम (30) बचाने के लिए दौड़े। तेंदुए ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर गाँव वाले मौके पर पहुँचते तब तक तेंदुआ जंगल की भाग गया।
घायलों को सामुदायिक केन्द्र शिवपुरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। डीएफओ डॉ० सैम मारन एम ने बताया कि मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी एम बख्श सिंह के साथ वन की टीम भेजी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को जंगल के आसपास के क्षेत्रों में ना जाने के लिए सलाह दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुए या उसके शावकों को देखे जाने पर उसकी जानकारी वन विभाग को दें।
दूसरी तरफ भाभर रेंज के कुशमहर गाँव में गुरुवार को अपनी बड़ी बहन के साथ सरसो का तेल पेराने के लिए गई सात वर्षीय रागनी को तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे बहराइच के लिए रेफर किया गया, लेकिन उसकी इलाज से पहले मौत हो गई। तेंदुए के हमलों से ग्रामीणों में दहशत है।
*रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध*
*ब्यूरो चीफ बलरामपुर*
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


