उत्तर प्रदेशलखनऊ

विधानसभा में माफिया अतीक अहमद पर भिड़े योगी और अखिलेश, जानें किसने क्या कहा

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बहुजन समाज पार्टी के विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की शुक्रवार को बदमाशों ने हत्या कर दी है।ताबड़तोड़ फायरिंग और बम मारकर उमेश पाल और उनके गनर को मौत के घाट उतार दिया गया।उमेश पाल गुजरात की जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के खिलाफ केस में मुख्य गवाह थे। इस मुद्दे पर आज शनिवार यूपी विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी के मुखिया और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरते हुए नजर आए।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा ने ही अतीक अहमद को पाला।

अतीक को सांसद बनने में मदद की और अब ये हमसे ही सवाल पूछ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज नहीं चलने देंगे।हमारी सरकार ने माफिया की कमर तोड़ने का काम किया।माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे।इस माफिया को हम मिट्टी में मिला देंगे।

 

सपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ये पेशेवर अपराधियों के सरपरस्त है।लगातार ये यही करते आ रहे हैं, अपराध इनकी रग-रग में भरा है,इन्होंने अपराध के अलावा कुछ नहीं सीखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा यूपी इस बात को जानता है।ये लोग आज अपनी सफाई देने यहां पर आए हैं।

 

दरअसल इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सदन में कहा था कि आखिरकार ये सरकार कर क्या रही है,ये कानून-व्यवस्था का फेलियर है, इंटेलिजेंस की नाकामी है, अगर माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति प्रदेश में है तो प्रयागराज में बम क्यों चल रहे हैं, किसी फिल्म की शूटिंग चल रही है क्या,ये किसी एक शहर का हाल नहीं है।नेता सदन इसका जवाब दें।

 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस माफिया ने यह किया है वह यूपी से बाहर है। वो समाजवादी पार्टी की मदद से ही बार-बार विधायक-सांसद बना। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1996 में वो इलाहाबाद-पश्चिमी सीट से सपा नेतृत्व वाली सरकार और पार्टी की मदद से विधायक बना था।यही नहीं साल 2004 में भी वो माफिया इन्हीं लोगों की मदद से सांसद बना था। चोरी और सीनाजोरी का काम ये लोग कर रहे हैं।

 

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा। जो भी इस मामले में दोषी हैं उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम करेगा।

 

रामचरितमानस विवाद पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सनातन धर्म का अपमान किया जा रहा है। सपा ने संत गोस्वामी तुलसीदास के खिलाफ अभियान चलाया,पूरे समाज को अपमानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम की धरती पर रामचरितमानस का अपमान हो रहा है,चौपाइयों की सही व्याख्या होनी चाहिए।रामचरितमानस को जलाकर अपमान किया गया,भारतीय संस्कृति का अपमान किया गया।

 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस तरह से कुछ लोगों ने रामचरितमानस फाड़ने की कोशिश की, अगर ऐसा किसी और धर्म के साथ होता तो क्या हालात होते।इसका मतलब है कि जिसकी मर्जी आए हिंदुओं का वो अपमान कर लें। पूरे समाज को क्या आप अपमानित करना चाहते हैं।

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button