गोसाईगंज में पार्किंग स्थल पर लगी भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू।
गोसाईगंज ,अयोध्या।नगर के गोसाईगंज क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड नंबर 7 में थाना गली जाने वाले मार्ग पर स्थित संत टॉकीज के सामने एक पार्किंग परिसर में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उठते घने धुएं से पूरा मोहल्ला भर गया, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी मशक्कत की। लोगों की सूझबूझ के चलते सभी वाहनों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 पुलिस और स्थानीय थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए नगर पंचायत की पानी टंकी से दो टैंकर पानी मंगवाए गए। साथ ही जेसीबी मशीन की मदद से भी राहत कार्य किया गया।
करीब दो घंटे से अधिक समय की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र यादव, सिपाही महेंद्र, नगर पंचायत प्रतिनिधि उत्कर्ष जायसवाल, सभासद कल्लू कुरैशी, पुष्कर मोदनवाल, पारस राजे समेत कई स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



