बदहाली के शिकार बंडा के अमृत सरोवर,सीडीओ बोले – सभी सरोवरों मे पानी हो ऐसा संभव नहीं

बंडा। शाहजहांपुर। बंडा के अमृत सरोवर बदहाली के आंसू बहा रहे हैं। प्रशासन की घोर लापरवाही के चलते अमृत सरोवर योजना में जल संचयन पर ग्रहण लग रहा है। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बंडा के अधिकांश अमृत सरोवर एक एक बूंद पानी को तरस रहे हैं। तालाबों को अमृत सरोवर बनाने के नाम पर जमकर धांधली की गई है। ग्राम इंदलपुर मे लाखों रुपए की लागत से तालाब को अमृत सरोवर के रूप कागजों में विकसित किया गया। लेकिन स्थिति इससे इतर है। तालाब सूखा पड़ा है। अमृत सरोवर के नाम की शिला भी टूट गई है। अमृत सरोवर के आसपास न ही बेंचे है और न ही पौधारोपण किया गया है। पशु पक्षी भी पानी पीने के लिए व्याकुल हो जाते हैं। रसातल मे जाते भू जल और भू जल की उपलब्धता को बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार की इस अनूठी योजना को बंडा मे पलीता लगाया जा रहा है। यहाँ अमृत सरोवर को बनाने के नाम पर बनाए गए तालाब सूखे पडे हैं। उनमें पानी भरने के लिए कोई व्यवस्था नही की गई है। ग्राम खखरा बुजुर्ग का अमृत सरोवर बदहाली के आंसू बहाने पर मजबूर है।

यहाँ अमृत सरोवर के नाम की सिर्फ शिला लगी है। जिसमें न तो कार्य प्रारम्भ और समाप्त होने की तिथि अंकित है। और न ही कार्य की लागत दर्ज है। शुरुआत मे दिखावे के नाम पर ग्राम प्रधानों और सचिवों ने झूठी वाहवाही लूटी। इसके बाद तालाबों की दुर्दशा पर पलट कर नहीं देखा। सरकार का सपना था कि देश ग्राम पंचायतों मे अमृत सरोवरों का निर्माण होगा तो भू जल बढाने मे काफी मदद मिलेगी। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार ने लाखों रूपये का बजट जारी किया। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते योजना अपने उद्देश्य मे कामयाब होते नहीं दिख रही है। सरकार के नुमाइंदे ही सरकार के मंसूबों को धाराशायी करने मे लगे हुए हैं।

सभी अमृत सरोवरों मे पानी हो ऐसा संभव नहीं है। अमृत सरोवरों मे पानी भरने की कोशिश की जाती है। बंडा अमृत सरोवरों अव्यवस्थाओं को दिखवाया जायेगा।

एस बी सिंह, सीडीओ
बंडा के दोनों अमृत सरोवरों के मामले में जानकारी करके उचित कार्रवाई की जायेगी।
हबीब अंसारी, डीसी मनरेगा
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


