उत्तर प्रदेश
Trending

अतीक-अशरफ की हत्या के सवाल पर बिफर पड़े मंत्री नंदी, कहा- क्या माइक मुंह में घुसाकर पूछोगे

मिर्जापुर।छानबे विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपना दल एस की प्रत्याशी रिंकी सिंह कोल ने गुरुवार को नामांकन किया। रिंकी के नामांकन में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।इस दौरान नंदी अतीक माफिया अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को लेकर मीडिया के सवालों से बचते हुए दिखे।

अतीक और अशरफ की हत्या के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए कैबिनेट मंत्री नंदी से जब अतीक-अशरफ की हत्या के केस पर सवाल किया गया तो नंदी ने कहा कि सिर्फ चुनाव पर बात करिए।सवाल पूछे जाने से मंत्री नंदी इस कदर बिफर पड़े कि उन्होंने कहा कि क्या मुंह में माइक घुसाकर सवाल पूछोगे।

बता दें कि देश का बहुचर्चित प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया अतीक अहमद की बहन ने मंत्री नंदगोपाल नंदी पर गंभीर आरोप लगाए थे।अतीक की बहन ने कहा था कि मंत्री नंदी ने अतीक से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे,अब मांगने पर नहीं दे रहे हैं।अतीक की बेगम शाइस्ता परवीन ने भी मंत्री नंदी और उनकी पत्नी अभिलाषा गुप्ता पर उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद को फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

बताते चलें कि 24 फरवरी को दिनदहाड़े बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की धूमनगंज थाने से चंद कदम दूर ताबड़तोड़ गोलियां और बम बरसाकर हत्या कर दी गई थी।हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज देखकर हर कोई सहम गया था। इसमें उमेश पाल के दो सुरक्षाकर्मी भी मारे गए थे।हत्याकांड के 50 दिन बाद प्रयागराज में फिर शूटआउट देखा गया।तीन शूटरों ने 18 सेकेंड में 18 गोलियां दाग कर माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ को मौत की नींद सुला दिया था।

17 साल की उम्र से खून की नदियां बहाने वाले माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल की रात प्रयागराज के काॅल्विन अस्पताल के गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।पुलिस कस्टडी में अतीक और अशरफ की हत्या अरुण मौर्या, सनी और लवलेश तिवारी ने की थी।तीनों शूटर मीडियाकर्मी बनकर पुलिस के काफिले के नजदीक पहुंचे थे।जैसे ही अतीक और अशरफ ने मीडिया से बात करना शुरू की तो तीनों शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इस दौरान लगभग 18 राउंड गोलियां चलीं,जिनमें से 8 गोली अतीक को लगी थी।

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button