मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, लखनऊ सहित प्रदेश के 17 जिलों में जाएगी रैली, 29 मार्च को होगा रैली का समापन

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, लखनऊ सहित प्रदेश के 17 जिलों में जाएगी रैली, 29 मार्च को होगा रैली का समापन
रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर चैत नवरात्रि के प्रथम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तीकरण रैली का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रैली उत्तर प्रदेश के 17 जिलों से होकर गुजरेगी । इससे पहले मुख्यमंत्री ने नवरात्रि के पहले दिन तुलसीपुर के देवी पाटन मंदिर में देवी की पूजा अर्चना की और गायों को गुड़, चूड़ा खिलाया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आदि शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर से इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मी, जो दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर सवार थीं, उन वाहनों को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। ये रैली महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जागरूक कर रही थी। इस रैली को दो हिस्सो में बांटा गया है।
बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर से शुरू होकर यह रैली अयोध्या, लखनऊ, कानपुर नगर, हमीरपुर, उरई, जालौन, झांसी होते हुए 29 मार्च को ललितपुर में जाकर खत्म होगी। जबकि दूसरे हिस्से की शुरुआत विंध्याचल मंदिर मिर्जापुर से शुरू होकर प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर नगर, इटावा, आगरा, अलीगढ़ होते हुए गौतमबुद्ध नगर जाकर 29 मार्च को समाप्त होगी।
ये रैली प्रतिदिन 80 से 120 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। इस अवसर पर तुलसीपुर के विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, सदर विधायक पलटू राम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिलाधिकारी डॉ० महेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


