उत्तर प्रदेशबलरामपुर

विश्व बन्धुत्व एवं शान्ति का सन्देश लेकर बलरामपुर पहुँचा दक्षिण कोरिया बौद्ध भिक्षुओं का दल, जगह-जगह किया गया स्वागत

रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध

बलरामपुर। जनपद में विश्व बन्धुत्व, एकता एवं शान्ति का सन्देश लेकर निकला दक्षिण कोरिया के बौद्ध भिक्षुओं का दल सारनाथ से श्रावस्ती तक पैदल यात्रा के क्रम में बलरामपुर पहुँचा। जहाँ दल के सदस्यों का बलरामपुर के नागरिकों एवं अधिकारियों ने अभिनन्दन एवं स्वागत किया। इस यात्रा से भारत और दक्षिण कोरिया एक दूसरे से सांस्कृतिक एवं परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।

यह यात्रा सारनाथ से शुरू होकर श्रावस्ती में जाकर खत्म होगा। 43 दिन की इस यात्रा में यह दल अनेक जिलों से होता विश्व बन्धुत्व एवं शान्ति का संदेश दे रहा है। भारत से दक्षिण कोरिया के मैत्रीय सम्बन्धों के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज दो दिवसीय दौरे पर दक्षिण कोरिया से 108 बौद्ध भिक्षुओं का दल बलरामपुर पहुँचा था।

मुख्यालय की सीमा में पहुँचने पर ग्राम बेनी जोत में दल का स्वागत कर जलपान कराया गया। बेनी जोत से विभिन्न ग्राम मार्गों से होते हुए बौद्ध भिक्षुओं का दल पॉयनियर पब्लिक स्कूल पहुँचा। यहाँ पर प्रशासनिक अधिकारी व नगर के गणमान्य लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यहीं पर इनके निवास की व्यवस्था भी की गई है। यहीं पर बौद्ध भिक्षुओं ने आज विधि विधान से महात्मा बुद्ध का पूजन किया।

दक्षिण कोरिया बौद्ध भिक्षुओं का दल आज रात्रि विश्राम के बाद कल प्रातः श्रावस्ती के लिए रवाना होगा। इस यात्रा का उद्देश्य बताते हुए दक्षिण कोरिया के दल के प्रमुख हाऊ हा ने बताया कि हम भारत मे स्थित विभिन्न बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर रहे है। दक्षिण कोरिया से मैत्री पूर्ण सम्बन्धों के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हम इस सम्बन्ध को और मजबूती देने के लिए आये है। साथ ही यहाँ स्थित बौद्ध धर्म के धार्मिक स्थलों पर पूजन कर विश्व में शान्ति की स्थापना हेतु प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारा स्वागत किया गया व हमारी देखभाल की पूरी व्यवस्था की गई, उससे हम अभिभूत हैं। इसके लिए हम भारतवासियों का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि हम तथागत बुद्ध की धरती पर आकर एक विशेष अनुभूति महसूस कर रहे हैं।

 

*रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध*

*ब्यूरो चीफ बलरामपुर*

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button