उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित देवीपाटन विश्वविद्यालय की स्थापना बलरामपुर में करने की हुई मांग

रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध
बलरामपुर। जनपद के गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र से विधायक और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ० शिवप्रताप यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित देवीपाटन विश्वविद्यालय की स्थापना तुलसीपुर या उसके आसपास कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपद भारत सरकार के आकांक्षी जिलों में आते हैं। साथ ही शिक्षा की दृष्टि से भी बहुत पिछड़ा हुआ है, इसलिए देवीपाटन विश्वविद्यालय की स्थापना बलरामपुर जिले में होनी चाहिए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ० शिवप्रताप यादव ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि बलरामपुर की जनता के साथ हमेशा छलावा किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा देवीपाटन के नाम से मंडल की घोषणा की गई, जिसका मुख्यालय ले जाकर गोंडा बनवाया गया। एक बार फिर देवीपाटन के नाम से विश्वविद्यालय की घोषणा हुई है। उसे भी साजिश करके यहांँ से लगभग 100 किलोमीटर दूर गोंडा मे परसपुर के पास बनवाने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि देवीपाटन के नाम से घोषित विश्वविद्यालय देवीपाटन या उसके आसपास ही बनाया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग किया कि देवीपाटन मंदिर उनका काफी प्रिय स्थान है और वह वहाँ के पीठाधीश्वर भी हैं, इसलिए देवीपाटन के नाम से घोषित विश्वविद्यालय वहीं पर बनवाएं। गोंडा जिले में विश्वविद्यालय बनवाकर बलरामपुर की जनता के साथ अन्याय ना होने दें।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सर्वदलीय तथा सर्व संगठनों की बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास कराया जाएगा जिसे मुख्यमंत्री से मिलकर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तुलसीपुर या बलरामपुर में विश्वविद्यालय बन जाने से इसका लाभ बलरामपुर, श्रावस्ती जनपद के साथ-साथ बढ़नी एवं इटवा के लोगों की भी मिलेगा।
*रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध*
*ब्यूरो चीफ बलरामपुर*
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


