LIVE TVअयोध्याउत्तर प्रदेश

Ayodhya News नए साल में छह से बदलेगा शहर की सरकार का निजाम

अयोध्या। नए साल में छह जनवरी से शहर की सरकारों का निजाम बदलना शुरू हो जाएगा। इसके बाद यहां की व्यवस्था डीएम की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति करेगी। एडीएम प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि आम लोगों की समस्या निस्तारण के भी पूरे इंतजाम होंगे।

निकाय चुनाव को लेकर हलचल के बीच असमंजस की स्थिति हैं लेकिन एक बात के साफ संकेत हैं कि शहर की सरकारों का कार्यकाल समाप्त होने के पहले शहर की नई सरकारों के गठन का मार्ग प्रशस्त नहीं होगा। ऐसे में शहर की सरकारों का निजाम बदलना तय है।

नवसृजित तीन नगर पंचायतों में प्रशासक की तैनाती है। इनमें नवसृजित नगरपंचायत खिरौनी(सुचित्तागंज), कुमारगंज और मां कामाख्या शामिल हैं। इसके अलावा जिले में पांच और निकाय है। इनमें नगर निगम अयोध्या, नगर पालिका परिषद रुदौली, नगर पंचायत बीकापुर, भदरसा, गोसाईगंज हैं। इनके कार्यकाल अलग-अलग तारीखों में पांच जनवरी से लेकर 23 जनवरी तक समाप्त होंगे।
शहरों की सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यहां लागू की जाने वाली कार्यपालक अधिकारी व वरिष्ठतम अधिकारी से काम की व्यवस्था को भी न्यायालय ने रद्द कर दी है। अब कार्यकाल समाप्त होने से निकाय के गठन तक तमाम मामलों को एक कमेटी देखेगी। जो तीन सदस्यीय होगी। इसकी अध्यक्षता डीएम करेंगे। यह कमेटी कोई बड़ा निर्णय नहीं ले सकेगी। रोजाना के कार्यो का ही निर्वहन करेंगी।

नगर पालिका परिषद रुदौली और नगर पंचायत गोसाईगंज में छह जनवरी 2017 को बोर्ड की पहली बैठक हुई थी। इनका कार्यकाल पांच जनवरी की रात 12 बजे समाप्त हो जाएगा। इसी तरह नगर निगम अयोध्या, नगर पंचायत बीकापुुर व भरतकुंड भदरसा में पहली 23 जनवरी को हुई थी। यहां शहर की सरकार का कार्यकाल 22 जनवरी को समाप्त होगा। छह और 23 जनवरी से निकायों में प्रशासकीय व्यवस्था लागू होगी।

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button