एक दिन बाद पुलिस कर्मियों ने मनाया त्योहार, एक दूसरे को रंग, अबीर व गुलाल लगाकर बधाई दी

बलरामपुर। जनपद में होली का पर्व शांति और सुरक्षा के बीच सम्पन्न कराने के बाद पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों ने जमकर होली खेली। एक दूसरे को रंग, अबीर व गुलाल लगाकर बधाई दी।
पिछले कई दिनों से पुलिस कर्मी शबे बारात और होली के त्योहार को जिले में शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए लगातार ड्यूटी पर लगे हुए थे। जिले भर में त्योहारों को सम्पन्न कराने के बाद पुलिस कर्मियों ने गुरुवार को जमकर होली खेली। होली के गानों की धुन पर जमकर थिरके।
पुलिस लाइन में खेली गई होली में जिले के सभी अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार पुलिस कर्मियों के बीच पहुँचे। उन्होंने भी गुलाल लगाकर होली खेली। पुलिस अधिकारियों ने सबको होली की शुभकामनाएं दी। होली के त्योहार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान मुस्तैदी से ड्यूटी पर जुटे थे और होली नहीं खेल पाए थे।
ऐसे में होली के दूसरे दिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जमकर होली खेली। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन में बड़े स्तर पर होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर दरवेश कुमार, क्षेत्राधिकारी ललिया राधारमण सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर कुँवर प्रभात सिंह समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि बीते दो दिनों में होलिका दहन और होली मनाई गई। उत्तर प्रदेश पुलिस में यह परंपरा रही है कि सब की होली मनाने के बाद ही पुलिस विभाग में होली मनाई जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरुवार को हम भी यहाँ पुलिस लाइन में होली मना रहे हैं। यह परंपरा कई दशकों से चली आ रही है। उसी का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को शान्ति और सुरक्षा के साथ त्योहारों को सम्पन्न कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। पुलिस कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। पुलिस अधीक्षक ने भरोसा जताते हुए कहा कि भविष्य में भी पुलिस कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह निर्वाहन करेंगे।
रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध
ब्यूरो चीफ बलरामपुर
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


