गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन
*बलरामपुर।* घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह के नेतत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुँच कर प्रदर्शन किया। सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अनुज सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचे और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और अपना विरोध जताते हुए भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए बढ़े हुए दामों को वापस करने की मांग करने लगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है, सरकार इसे रोकने में लगातार विफल हो रही है।
मंहगाई के कारण आम आदमी की कमर टूटती जा रही है, लेकिन भाजपा सरकार का आम आदमी से कोई लेना देना नहीं है। वह सिर्फ अपने दोस्तों के बारे में सोचती है। उन्होंने कहा कि जनता से बड़े बड़े वादे कर सत्ता में आई भाजपा ने कोई काम न करके सिर्फ जनता को छलावा किया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के समय वादा किया था कि त्योहारों पर फ्री रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा, लेकिन जनता को फ्री में सिलेंडर तो नहीं मिला, उल्टे होली के अवसर पर रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर पर भारी कीमतों में बढ़ोतरी कर जनता को ठगने का काम किया है।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवलाल, प्रदेश सचिव चन्द्रशेखर मिश्र, अल्पसंख्यक सेल जिलाध्यक्ष अफरोज खां, जिला महासचिव विनय कुमार मिश्र, जिला उपाध्यक्ष प्रतीक मिश्रा, सोशल मीडिया प्रभारी शाहिद हसन टीपू, राशिद अजीज रानू, आमिर खां, उमाशंकर सिंह, आफताब खां, सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन भी राज्यपाल को भेजा गया।
*रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध*
*ब्यूरो चीफ बलरामपुर*
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


