कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने अखिलेश यादव के जातीय जनगणना की मांग का खुलकर किया समर्थन

बलरामपुर। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल खाबरी ने अखिलेश यादव के जातीय जनगणना की मांग का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना जरूर होनी चाहिए, क्योंकि जातीय जनगणना होने पर ही पता चलेगा कि किसकी कितनी संख्या है। कहा कि जब जानवरों की गणना हो सकती है, पेड़ पौधों की गणना हो सकती है तो फिर जातीय जनगणना कराने में क्यों दिक्कत हो रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रविवार को बलरामपुर में हाथ जोड़ो कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंँचे थे। उनके साथ पूर्व मंत्री नकुल दुबे भी थे। प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान का खुलकर समर्थन किया है। जिसमें नीतीश कुमार ने कहा कि अगर कांग्रेस चाह ले तो बीजेपी को 100 सीटों पर समेटा जा सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे बड़ी विपक्ष की पार्टी है। कांग्रेस को बिना साथ लिए सम्भव नहीं है कि राजनीतिक लड़ाई लड़ी जा सके। खाबरी ने कहा कि देश को बचाना पहला मुद्दा है। देश अगर बचेगा तो राजनीति होगी और राजनीति होगी तो सबको लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हम सब लोग मिलकर अपनी अपनी जगह लड़ाई लड़ें तो भाजपा को 100 का आंकड़ा पार करने में लाले पड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो पार्टियां देश के हित में काम करना चाहती हैं तो कांग्रेस के साथ आएं। कांग्रेस अध्यक्ष ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जातीय जनगणना का खुलकर समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना जरूर होनी चाहिए, क्योंकि तभी पता लगेगा कि किसकी कितनी संख्या है। जातीय जनगणना देश के हित में है। लेकिन भाजपा नहीं चाहती कि जातीय जनगणना हो। उन्होंने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर हमला करते हुए कहा कि केशव प्रसाद भाजपा की लिखी स्क्रिप्ट पर बोल रहे हैं। लेकिन अन्दर से खुद चाहते हैं कि जातीय जनगणना होनी चाहिए, लेकिन वो ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कानपुर देहात की घटना का ज्रिक भी किया। कहा कि इस घटना में प्रदेश सरकार पूरी तरह दोषी है। भाजपा की बुलडोजर नीति इंसानों की जिन्दगियां निगलने लगी हैं। भाजपा की इस नीति का पूरे देश ने विरोध होना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष के बलरामपुर पहुँचने पर पूर्व सांसद चन्द्रभाल मणि तिवारी, पार्टी के प्रदेश महासचिव धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, जिला महासचिव पंकज कुमार गुप्ता, हरीश बिन खालिद, डॉ० इस्तियाक अहमद सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
*रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध*
*ब्यूरो चीफ बलरामपुर*
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


