
गैसड़ी/बलरामपुर। जिले में गन्ना क्रय केन्द्रों पर घटतौली और रिजेक्ट क्वालिटी का गन्ना कहकर वापस किए जाने की मिल रही शिकायतों पर गैसड़ी के विधायक एसपी यादव ने गन्ना क्रय केन्द्र पहुँचे। जहाँ उन्होंने गन्ना किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और गन्ना विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का परेशान न किया जाए।
सपा विधायक एसपी यादव ने बसन्तपुर, गैसड़ी, परसा, बखरकोटवा, विजय नगर आदि गन्ना क्रय केन्द्रों का दौरा किया और गन्ने की हो रही तौल का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से मिलकर उनकी समस्या को जाना। किसानों ने बताया कि कई ऐसे गन्ना क्रय केन्द्र हैं, जहाँ गन्ने को रिजेक्ट क्वालिटी का बता कर वापस कर दिया जाता है। पूर्व मंत्री एसपी यादव ने कहा कि कुछ गन्ना क्रय केन्द्रों पर तौल में मामूली अन्तर पाया गया। जबकि खराब वैराइटी के नाम पर कई किसानों का गन्ना क्रय केन्द्रों से वापस किया जा रहा है। क्रय केन्द्रों पर किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहाँ न तो किसानों के पीने के पानी की सुविधा है और न ही अलाव की व्यवस्था है। जिससे किसानों को सर्दी के मौसम में परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि क्रय केन्द्रों पर गन्ना लदान के नाम पर वसूली की जा रही है। खाद, बीज, बिजली सबका रेट बढ़ चुका है, लेकिन गन्ना किसानों का मूल्य नहीं बढ़ाया गया। जिससे किसानों के सामने समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि गन्ना किसानों की लागत को देखते हुए गन्ने का मूल्य बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता और उनकी मांगे मानी नही जाती हैं तो आन्दोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध
ब्यूरो चीफ बलरामपुर
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


