अयोध्याउत्तर प्रदेश

मानवता की मिसाल बने निराश्रित सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार ने किया रक्तदान

 

अयोध्या। समाज में इंसानियत आज भी जिंदा है, इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण शनिवार को जिला चिकित्सालय में देखने को मिला, जहां एक असहाय युवक के लिए कई लोग मदद के लिए आगे आए और जीवन बचाने की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन नामक युवक, जो पूरी तरह निराश्रित है और जिसका कोई परिजन नहीं है, जिला चिकित्सालय के मेडिकल वार्ड बेड़ नंबर 13 पर ब्लड की कमी के चलते भर्ती है। उसका इलाज रिकाबगंज निवासी धीरज यादव की देखरेख में चल रहा है, जो लगातार उसकी सेवा और आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। बताया गया कि अर्जुन की स्थिति गंभीर होने पर उसे AB पॉजिटिव ब्लड की आवश्यकता पड़ी, जो कि दुर्लभ रक्त समूहों में आता है। ऐसे कठिन समय में निराश्रित सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रवि मौर्य को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने बिना विलंब किए अस्पताल पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया।

रवि मौर्य द्वारा किए गए इस रक्तदान से अर्जुन की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उनका यह कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा भी है कि सच्ची पत्रकारिता और समाजसेवा का अर्थ केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद के साथ खड़े होना भी है।

गौरतलब है कि इसी सप्ताह अर्जुन की मदद के लिए पत्रकार राकेश तिवारी और अरविंद यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। दोनों ने मिलकर पूर्व में जिला चिकित्सालय से उसके लिए ब्लड की व्यवस्था कराई थी, जिससे उसके इलाज को निरंतरता मिल सकी। इस पूरी घटना में जहां एक ओर धीरज यादव की देखरेख और सेवा भावना सामने आई, वहीं दूसरी ओर पत्रकारों द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता ने यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के मानवता के लिए आगे आते हैं।

स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने सभी सहयोगकर्ताओं के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी प्रेरित करते हैं।

रवि मौर्य ने समाज के लिए संदेश दिया कि

रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की इस श्रृंखला को मजबूत करना चाहिए।

Journlist Sitaram Yadav

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button