”यादों के झरोखे से विदा हुए नौनिहाल: शा.पू.मा. शाला देवरी में कक्षा 8वीं के छात्रों का भव्य विदाई समारोह संपन्न”

दुर्ग जिला ब्यूरो चिप आशीष
धमधा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी में आज कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य एवं भावुक विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत देवरी की सरपंच श्रीमती सावित्री साहू उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी की प्राचार्या मैडम श्रीमती सीमा पाण्डेय द्वारा की गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा 7वीं की छात्राओं ने मधुर सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन विद्यालय के छात्र ईश्वर और छात्रा काजल ने अपनी ओजस्वी शायरी और संवादों से बेहद प्रभावी ढंग से किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘लेजा लेजा रे’, ‘सात समुंदर पार’ और ‘दीवाना रहीय न गोरी’ जैसे गीतों पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिसने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मजेदार खेलों और विदाई संदेशों से भरा रहा दिन
कार्यक्रम के दौरान ‘उल्टा पुल्टा’, ‘पहचानो कौन’, ‘बैलून ब्लास्ट’ और ‘टंग ट्विस्टर’ जैसे रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विदाई की इस बेला पर वरिष्ठ छात्रों एकता साहू, लाकेश्वर साहू, मानसी साहू,ख़ुशी निषाद और वान्या सिंह राजपूत ने विद्यालय में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया, जिससे माहौल भावुक हो गया।
प्रतिभाशाली छात्र हुए पुरस्कृत
सत्र के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे राखी निर्माण,थाली सजाओ,मिट्टी के खिलौने और रंगोली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वान्या राजपूत (राखी प्रतियोगिता प्रथम)कृतिका चंदेल (मिट्टी खिलौने एवं थाली सजाओ में अव्वल)कु.खुशी निषाद को ‘अनुशासित विद्यार्थी’ के विशेष सम्मान से नवाजा गया।अतिथियों का आशीर्वचन
मुख्य अतिथि श्रीमती सावित्री साहू ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। विद्यालय की प्राचार्या ने बच्चों को जीवन के नए पड़ाव के लिए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंत में ऐश्वर्या साहू ने सभी अतिथियों,शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री संजय साहू, उपाध्यक्ष श्री मोहित बंजारे, पंच श्रीमती हेमलता साहू, प्रधान पाठक श्रीमती उमेश्वरी दुबे,श्री उमेश कुमार सोनी,डाम्हर साहू,प्रदीप राजपूत,रुबिन्दर कौर,प्रतिभा पाण्डेय,ज्योति जुगनार,शेफाली शाह एवं समस्त शिक्षकगण व ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।


