उत्तर प्रदेश

यूपी में पिछले छह वर्ष में नहीं हुआ कोई दंगा, तमंचावादी इससे परेशान: सीएम योगी

यूपी में पिछले छह वर्ष में नहीं हुआ कोई दंगा, तमंचावादी इससे परेशान: सीएम योगी

हापुड़।सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हापुड़ में दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कालेज में नगर निकाय चुनाव के लिए चारों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि यूपी विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। जल्द ही रेपिड रेल गाजियाबाद से हापुड़ होते हुए मेरठ को जोड़ेगी। जनपद विकास के पथ पर अग्रसर है।इसके लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

सीएम योगी ने मंच से माफियाओं और विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में पेशेवर अपराधियों और माफियाओं के हाल तो आप देख ही रहे हैं।यूपी की जनता सुरक्षित है।परिवादी और तमंचावादी परेशान हैं। सीएम ने कहा कि आप 2017 से पहले के यूपी को याद करें तो पहले पर्व और त्यौहार से पहले कफ्र्यू लग जाता था।आज धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। 2017 से पहले प्रदेश दंगा प्रदेश था,लेकिन पिछले छह वर्ष में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ।

सीएम योगी ने कहा कि पहले व्यापारियों से रंगदारी मांगी जाती थी,धमकियां दी जाती थी।आज आम आदमी सीना तानकर चलता है और अपराधी और माफिया तख्ती डालकर चलते हैं। सीएम ने कहा कि आज व्यापारियों को रंगदारी देनी नहीं पड़ती। हमने व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से दस लाख का बीमा दिया है।अपराधी सिर झुकाकर चलते हैं और जान की भीख मांगते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी पहले वाला यूपी नहीं है।यूपी पूरे देश का पेट भरने की सामर्थ रखता है।आज यूपी अपनी अलग पहचान बना रही है।यूपी का नागरिक आज बाहर जाता है गर्व से सीना तानकर कहता है कि मैं यूपी का नागरिक हूं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन को यूपी में लागू करके विकास किया है। 2017 से पहले हमारे नगरों में कूड़े के ढेर लगे रहते थे, शोहदों का आतंक था,लेकिन आज हमारे शहर स्मार्ट सिटी बन गए हैं। विरोधियों ने युवाओं के हाथों में तमंचा थमाया था, हमने टेबलेट दिया है।

सीएम योगी ने कहा कि हापुड़ की देश में अलग पहचान है। हापुड़ के पापड़ के बिना भोजन पूरा नहीं होता।पिलखुवा भी कपड़ों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। सीएम ने कहा कि हमारी पहचान विकास है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लाभ भी हापुड़ वासियों को मिलेगा। गंगा एक्सप्रेसवे हापुड़ होता हुआ प्रयागराज तक जाएगा। पहले इस पर 16 घंटे लगते थे, अब छह घंटे में यह सफर पूरा होगा।

सीएम योगी ने जिले में विकास का हवाला देते हुए जिले की तीनों विधान सभा सीटों और एक नगर पंचायत सीट बाबूगढ़ के भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की। इस दौरान तीनों प्रत्याशियों के अलावा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, जनरल वीके सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, विधायक हरेंद्र तेवतिया, विजयपाल आढ़ती, धर्मेश तोमर, जिलाध्यक्ष उमेश राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, कार्यक्रम संयोजक प्रफुल्ल सारस्वत, पुनीत अग्रवाल, मोहन सिंह, कविता मादरे, लज्जारानी गर्ग, रमेश चंद तोमर, मनोज बाल्मीकि मौजूद रहे।

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button