मन की बात:यूपी के 300 से ज्यादा मदरसों में सुना गया

मन की बात:यूपी के 300 से ज्यादा मदरसों में सुना गया पीएम मोदी की मन की बात,लोगों में गजब का दिखाई दिया उत्साह*
लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 100वें एपिसोड का आज प्रसारण किया गया।मन की बात के लाइव प्रसारण के लिए देशभर में बूथ स्तर पर चार लाख सेंटर बनाए गए थे। जहां रेडियो कार्यक्रम को प्रसारित किया गया।
पीएम मोदी ने चरैवेति चरैवेति चरैवेति यानी चलते रहो-चलते रहो-चलते रहो की बात कही। पीएम ने कहा कि आज हम इसी चरैवेति चरैवेति की भावना के साथ मन की बात का 100वां एपिसोड पूरा कर रहे हैं।हर एपिसोड में देशवासियों के सेवा और सामर्थ्य ने दूसरों को प्रेरणा दी है।पीएम ने कहा कि एक तरह से मन की बात का हर एपिसोड अगले एपिसोड के लिए जमीन तैयार करता है।मन की बात हमेशा सद्भावना, सेवा-भावना और कर्तव्य-भावना से ही आगे बढ़ा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 100वें एपिसोड को आज रविवार उत्तर प्रदेश के 300 से ज्यादा मदरसों में सुना गया।भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बताया कि हमने 100 मदरसों में मन की बात कार्यक्रम प्रसारित करने की योजना बनाई थी,लेकिन पूरे राज्य में 300 से अधिक मदरसों में इस कार्यक्रम को सुना गया। उन्होंने बताया कि लखनऊ में मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण मकसद-ए-हुसैनी और इरफानिया मदरसा जैसे कई मदरसों में सुना गया।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 12 कड़ियों का उर्दू में अनुवाद करवाया था और उन्हें मदरसों और इस्लामी विद्वानों में वितरित किया था।
अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को उत्तर प्रदेश के विभिन्न मदरसों में छात्रों और शिक्षकों ने सुना और उनसे प्रेरणा ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मोटे तौर पर 100 मदरसों में मन की बात कार्यक्रम सुने जाने का लक्ष्य रखा गया था मगर प्रदेश के अन्य अनेक मदरसों ने खुद आगे आकर इस पहल में योगदान किया।
राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि बड़ी संख्या में मदरसों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा महिलाओं ने प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम को सुना।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम पूरे मुल्क को एक सूत्र में बांधने वाला साबित हुआ।अल्पसंख्यक समुदाय में अब यह विश्वास और गहरा हो रहा है कि भाजपा ही सही मायनों में उसका हित कर सकती है।मुसलमानों का वोट लेकर सत्ता हासिल करने वाले बाकी दलों की असलियत भी अब उनके जहन में साफ हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड के सदस्य कमर अली ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश के 100 मदरसों में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण सुनने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे,लेकिन इसके अलावा कई अन्य मदरसों ने आगे बढ़कर प्रधानमंत्री के मन की बात को सुनने के लिए खास प्रबंध किए। कमर अली ने कहा कि मदरसों के छात्र हमेशा से ही प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुनते रहे हैं।आज इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को लेकर उनके अंदर खासा उत्साह देखा गया।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



