उत्तर प्रदेश

अज्ञात कारणों से आग लगने पर करीब 40 घर जलकर खाक

बलरामपुर। जिले के हरैया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरहवां के रमवापुर में आग लग जाने से करीब 40 घर जल गए। आग से घर में रखी लाखों की सम्पति जल कर राख हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी राजेन्द्र बहादुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँच कर अग्नि पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें सहायता पहुँचाने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि इंडो–नेपाल बार्डर हर्रैया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरहवां का मजरा रमवापुर रौतार गाँव में अचानक आग की चिंगारी उडकर एक फूस के मकान पर आकर गिर गई और फूस का मकान जलने लगा। जब तक गाँव वाले आग बुझाते, आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते करीब 40 मकानों को अपने चपेट में ले लिया। घरों में आग लगाता देखकर पूरे गाँव में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुँचकर गाँव वालों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाँव के समीउल्लाह, अब्दुल रहीम, अजमत उल्ला, नुरुल्ला, अब्दुल अजीम, तलबुननिशा, मोहम्मद उस्मान, अब्दुल हाकिम, मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल सलाम, अकबर अली, नुरूसलाम, मुनव्वर अली, मेहंदी हसन, अब्दुल करीम, मुहीद, मोहम्मद सगीर, अब्दुल जलील, अब्दुल खलील, अब्दुल जमील, सद्दाम हुसैन, मोहम्मद अयूब, इस्माइल, खलील अहमद, गुल्लन, अकबाल अहमद, मोहम्मद जावेद, सिफगतुल्ला, खैरुन्निशा, अब्दुल जब्बार, शफीकुरहमान, कमरुन्निशा, सुन्दरलाल तथा बरकतउल्ला समेत करीब 40 आशियाना जलकर राख हो चुके थे।

सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी सदर राजेन्द्र बहादुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी ललिया राधा रमण सिंह ने पहुँचकर मौका मुआयना किया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि हल्का लेखपाल संतोष पान्डेय ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट भेजा है, जल्द ही अग्निकांड पीड़ितों को अहेतुक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

रिपोर्ट– बी०पी० बौद्ध

ब्यूरो चीफ बलरामपुर

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button