
माफिया अतीक को भारत रत्न की मांग,कब्र पर लगाया तिरंगा,अमर रहे के लगाए नारे,राजकुमार गिरफ्तार
प्रयागराज। 17 साल से खून की नदियां बहाने वाले 100 से अधिक मामलों में संगीन धाराओं में नामजद माफिया अतीक अहमद और उसका भाई माफिया अशरफ की कब्र पर तिरंगा लगाकर अमर रहे के नारे लगाने वाले कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी राजकुमार सिंह उर्फ रज्जू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया है। राजकुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 बी और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट टू नेशनल आनर्स एक्ट 1971 की धारा 2 के तहत केस दर्ज किया गया है।बता दें कि माफिया अतीक अहमद और उसके माफिया भाई अशरफ की बीते हफ्ते शहर के काॅल्विन अस्पताल के गेट पर पुलिस कस्टडी में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में धूमनगंज थाने में राजकुमार सिंह उर्फ रज्जू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।राजरूपपुर चौकी प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने केस दर्ज कराया है,जिसके बाद कांग्रेस से पार्षद प्रत्याशी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार भी किया गया है।प्रयागराज में नगर निगम के वार्ड नंबर 43 साउथ मलाका से कांग्रेस के राजकुमार पार्षद उम्मीदवार थे।राजकुमार का बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने राजकुमार उर्फ रज्जू को पार्टी से बाहर कर दिया है।राजकुमार ने कल अतीक और अशरफ की कब्र पर जाकर तिरंगा लगाया था बल्कि अतीक अहमद अमर रहे के नारे भी लगाए थे।इतना ही नहीं राजकुमार ने अतीक और अशरफ को शहीद बताकर उनसे हमदर्दी भी जताई थी। अतीक अहमद को भारत रत्न दिए जाने की भी मांग की थी।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने यह बयान लेने वाले यूट्यूबर के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। कांग्रेस का कहना है कि पार्षद प्रत्याशी राजकुमार को बरगला कर यह बयानबाजी कराई गई थी। गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेता को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। अगर उन्हें जमानत नहीं मिली तो जेल भेजा जाएगा। हालांकि दोनों ही धाराओं में 3 साल तक की ही सजा का प्रावधान है, इसलिए आवेदन करने पर कोर्ट से जमानत मिल सकती है।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



