उत्तर प्रदेश

उमेश पाल हत्याकांड में पेशी के लिए एक ही जेल से कोर्ट पहुंचे अतीक और अशरफ

उमेश पाल हत्याकांड में पेशी के लिए एक ही जेल से कोर्ट पहुंचे अतीक और अशरफ,एक ही वैन से आए दोनों भाई

 

प्रयागराज।देश का बहुचर्चित प्रयागराज का उमेश पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ आज गुरुवार को सीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए पहुंच गए हैं। कोर्ट में आज यूपी एसटीएफ पूछताछ के लिए दोनों की रिमांड मांगेगी। बता दें कि माफिया अतीक अहमद को लगभग 15 दिनों के अंदर दूसरी बार बुधवार को गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल लाया गया है। उमेश पाल हत्याकांड में पूछताछ के लिए पुलिस अतीक और अशरफ की हिरासत देने के लिए कोर्ट से अनुरोध करेगी। वहीं, बरेली जेल से नैनी जेल लाए गए अतीक के भाई अशरफ को भी इसी मामले में अदालत में पेश किया जा रहा है। अतीक और अशरफ दोनों भाई एक ही जेल वैन से सीजेएम कोर्ट पहुंचे हैं।

 

माफिया अतीक अहमद के गुनाहों का हिसाब किताब अब शुरू हो गया है।आज उमेश पाल हत्याकांड केस में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पेशी होगी। एसटीएफ ने अतीक और अशरफ से पूछताछ के लिए सवालों की लंबी लिस्ट तैयार की है।उमेश पाल हत्याकांड में अतीक का पूरा खानदान फंसा हुआ है। कुछ लोग जेल में हैं तो कुछ फरार हैं। पत्नी, बेटा, बहन, भांजी सब फरार है,लेकिन पुलिस का शिकंजा ऐसा कसा कि अब बहन और भांजी सरेंडर करने के लिए कोर्ट में अर्जी लगा रही हैं।

 

प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) भी अतीक अहमद की अवैध प्रॉपर्टी और अवैध लेनदेन के सबूत खंगाल रही है। बुधवार को अतीक और उसके करीबियों के 15 ठिकानों पर ईडी ने एक साथ छापेमारी की। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद ईडी को कई अहम दस्तावेज, बेनामी प्रॉपर्टी के कागजात और 75 लाख रुपए कैश मिला हैं। 50 करोड़ रुपए के कैश ट्रांजैक्शन का भी ईडी को पता चला है। 24 फरवरी को प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद से माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों के पीछे यूपी पुलिस की दर्जनों टीमें लगी हैं। एसटीएफ दिन रात छापेमारी कर रही है।एस‌ओजी की टीमें अतीक के गुर्गों की तलाश कर रही है।सीबीआई पहले ही बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड में अतीक के गुनाहों की जांच कर रही हैं। वहीं अब ईडी ने अतीक और उसके गुर्गों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

 

बता दें कि बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड मामले में मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके दो सुरक्षा गार्डों की 24 फरवरी को धूमनगंज थाने से चंद कदम दूर ताबड़तोड़ गोलियां और बम बरसाकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर 25 फरवरी को अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, बमबाज गुड्डू मुस्लिम,गुलाम और नौ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

India News Darpan

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।

Related Articles

Back to top button