केशव प्रसाद ने कहा-अपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर कार्रवाई होगी

प्रयागराज शूटआउट:उस्मान एनकाउंटर पर केशव प्रसाद ने कहा-अपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर कार्रवाई होगी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल उर्फ कृष्ण कुमार हत्याकांड में पहली गोली चलाने वाला विजय उर्फ उस्मान पुलिस के साथ सोमवार सुबह लगभग पांच बजे मुठभेड़ में मारा गया। विजय के एनकाउंटर के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पहली प्रतिक्रिया दी है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज के श्री उमेश पाल और सुरक्षा में लगे जवानों के हत्यारों को पकड़ने को पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में आज बड़ी कामयाबी हासिल करने वाली पुलिस टीम को बधाई।घटना से जुड़े एक-एक अपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर क़ानूनी कार्रवाई होगी।
धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य ने विजय उर्फ उस्मान के मुठभेड़ में मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि तड़के करीब पांच-साढ़े पांच बजे कौंधियारा थाना क्षेत्र में विजय उर्फ उस्मान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।उन्होंने बताया कि उस्मान उमेश पाल और अन्य दो पुलिसकर्मियों को गोली मारने की घटना में शामिल था और उमेश पर पहली गोली उस्मान ने ही चलाई थी।
बता दें कि 27 फरवरी को उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अरबाज धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के जंगल में पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मारा गया था।मुठभेड़ में धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्य घायल हो गए थे। 24 फरवरी को धूमनगंज थाना क्षेत्र में उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर और बम मारकर हत्या कर दी गई थी।
नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।



